₹2 करोड़ में बनी ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 100 करोड़+, फिल्म की शूटिंग के दौरान शाकाहारी भोजन रोजाना हनुमान चालीसा का किया पाठ
सिर्फ करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सबको चौंका दिया है। जानिए फिल्म के डायरेक्टर कौन हैं, नीम करौली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्य कौन हैं और उन्होंने इस खास रोल के लिए कैसी तैयारी की।

फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ऐसी कहानी लिख रही है, जिसकी शायद मेकर्स ने भी शुरुआत में कल्पना नहीं की होगी। नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित इस फिल्म को बेहद छोटे बजट में बनाया गया है, लेकिन कमाई के मामले में इसने बड़ी-बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का निर्माण लगभग ₹1.7 करोड़ से ₹2 करोड़ के बजट में हुआ है। शुरुआत में फिल्म को ज्यादा स्क्रीन भी नहीं मिलीं और पहले दिन इसकी कमाई करीब ₹10 लाख रही। पहले दो हफ्तों में भी फिल्म की रफ्तार काफी धीमी थी, लेकिन इसके बाद दर्शकों की जुबान पर फिल्म चढ़ने लगी और बॉक्स ऑफिस पर कमाई तेजी से बढ़ने लगी। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने भारत में ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि कुछ बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स इसे लगभग ₹104 करोड़ तक पहुंचा रही हैं। यानी करीब 2 करोड़ रुपये में बनी फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले कई गुना ज्यादा कारोबार कर लिया है।
एक बार जरूर पढ़ें : Maruti Baleno Facelift : नए अवतार में आ रही है पॉपुलर हैचबैक, डिजाइन से फीचर्स तक होंगे बड़े बदलाव
फिल्म की शूटिंग से पहले क्या होते थे नियम
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका कोई बड़ा बॉलीवुड स्टार नहीं, बल्कि इसके कलाकार और कहानी हैं। ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने किया है और वह फिल्म के लेखक तथा सह-निर्माता भी हैं। चतुर्वेदी ने नीम करौली बाबा की कहानी को पर्दे पर उतारने से पहले विषय को लेकर काफी रिसर्च की। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर काम करने से पहले ‘जय संतोषी माँ’ जैसी धार्मिक फिल्मों का अध्ययन किया और फिल्म को केवल मनोरंजन की तरह नहीं बल्कि आध्यात्मिक विषय की गंभीर प्रस्तुति के तौर पर बनाने की कोशिश की। फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर भी कई कड़े नियम रखे गए थे। सेट पर केवल शाकाहारी भोजन दिया जाता था और रोजाना हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाता था। इतना ही नहीं, विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म की रिलीज से पहले करीब साढ़े चार महीने तक केवल फलों का आहार लेने की बात भी बताई है।
Who all are yet to watch Hanuman Ansh movie? #HanumanAnsh pic.twitter.com/xhT36xXrBZ
— 𝐈𝐬𝐡𝐢𝐭𝐚 𝐉𝐨𝐬𝐡𝐢 🇮🇳 (@IshitaJoshi) September 6, 2026
शोभिनव सत्य को कैसे मिल नीम करौली बाबा का किरदार
लेकिन फिल्म की कहानी जितनी दिलचस्प है, उससे भी ज्यादा हैरान करने वाली कहानी इसके हीरो शोभिनव सत्य की है। शोभिनव फिल्म में नीम करौली बाबा का किरदार निभा रहे हैं और यह उनका बतौर अभिनेता बड़ा डेब्यू माना जा रहा है। खास बात यह है कि वह शुरुआत में फिल्म के हीरो नहीं थे। शोभिनव फिल्म की टीम के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे और सेट पर प्रॉप्स तथा दूसरी जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। फिल्म के लिए जिस अभिनेता को मुख्य भूमिका निभानी थी, उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अपनी टीम में ही मौजूद शोभिनव को इस भूमिका के लिए टेस्ट करने का फैसला किया। उनका स्क्रीन टेस्ट करीब पांच घंटे तक चला और इसके बाद उन्हें नीम करौली बाबा का किरदार मिल गया।

हनुमान अंश के हीरो का सफर
शोभिनव की तैयारी भी इस रोल के लिए काफी अलग थी। वह पहले से करीब 15 दिनों तक फिल्म की टीम के साथ काम कर चुके थे, इसलिए उन्हें स्क्रिप्ट और कहानी की अच्छी समझ हो चुकी थी। डायरेक्टर के मुताबिक वह शांत स्वभाव के थे, अनुशासित रहते थे और फिल्म की कहानी को लेकर गंभीर थे। शोभिनव ने खुद बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से शाकाहारी हैं और उनकी जीवनशैली में पहले से ही कई ऐसी बातें थीं जो इस आध्यात्मिक किरदार के लिए जरूरी थीं। वह हनुमान जी की भक्ति से भी जुड़े रहे हैं और नीम करौली बाबा में उनकी आस्था रही है। यही वजह थी कि डायरेक्टर को लगा कि वह केवल अभिनय नहीं करेंगे बल्कि इस किरदार की आध्यात्मिकता को भी समझ पाएंगे।
क्या क्या किया
शोभिनव सत्य की पढ़ाई और फिल्म इंडस्ट्री का अनुभव भी इस रोल में काम आया। वह FTII पुणे से जुड़े रहे हैं और एक्टिंग की ट्रेनिंग भी ले चुके हैं। अभिनेता बनने से पहले उन्होंने कैमरे के पीछे रहकर फिल्म और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया था। यानी जिस व्यक्ति ने पहले दूसरों को कैमरे के सामने काम करते देखा था, वही अचानक खुद फिल्म का मुख्य चेहरा बन गया।
हनुमान अंश’ की सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले दिन केवल करीब ₹10 लाख की कमाई से शुरू हुई यह फिल्म धीरे-धीरे दर्शकों की पसंद बन गई। सोशल मीडिया और वर्ड ऑफ माउथ ने फिल्म की कमाई को जबरदस्त तरीके से बढ़ाया। करीब ₹2 करोड़ के बजट से बनी फिल्म का ₹100 करोड़ से ऊपर पहुंचना इसे 2026 की सबसे चौंकाने वाली लो-बजट सफल फिल्मों में शामिल करता है। हालांकि बॉक्स ऑफिस के आंकड़े अलग-अलग ट्रैकर्स में बदल सकते हैं, लेकिन इतना साफ है कि फिल्म ने अपने बजट के मुकाबले असाधारण प्रदर्शन किया है।